कासरगोड में माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप में भाजपा के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार
कासरगोड में माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप में भाजपा के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार
कासरगोड (केरल), दो जुलाई (भाषा) केरल में कासरगोड जिले के एन्नापारा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की स्थानीय समिति के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थायन्नूर निवासी विशाल के. बाबू और अभिनव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि एन्नापारा स्थित माकपा की स्थानीय समिति के कार्यालय में बुधवार को तोड़फोड़ की गई थी। कार्यालय की खिड़कियों के शीशे, फर्नीचर और ध्वजदंड क्षतिग्रस्त कर दिए गए जिससे एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
पुलिस ने आसपास के घरों एवं दुकानों से मिले सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और अंबालाथारा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया तथा दोनों आरोपियों को बुधवार शाम गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि वे अपने स्कूल के दिनों से ही माकपा से नाराज थे। उनका दावा है कि पार्टी ने उनके स्कूल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियों पर रोक लगा दी थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक हाल में विदेश से लौटा था।
जांचकर्ताओं को यह भी संदेह है कि घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे।
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव

Facebook


