हैदराबाद, आठ सितंबर (भाषा) तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मंगलवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के दो विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाथा मधुसूदन और एन. नवीन कुमार रेड्डी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी ) द्वारा सैफाबाद पुलिस थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में मधुसूदन और नवीन कुमार पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने सात सितंबर को प्रसाद कुमार के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
कथित टिप्पणियां तब की गईं जब पुलिस ने विपक्षी विधायकों को विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोका।
शिकायतकर्ता ने कहा कि मधुसूदन और नवीन कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष को निशाना बनाते हुए ‘‘दुर्भावनापूर्ण, बिना किसी उकसावे के पूर्व नियोजित तरीके से जुबानी हमले’’ किये।
शिकायतकर्ता ने दावा किया, ‘‘ उन्होंने (दो बीआरएस विधान पार्षदों ने) विधानसभा अध्यक्ष की ईमानदारी, अधिकार और संवैधानिक कामकाज पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए हैं। उन्होंने जान-बूझकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है जिनका उद्देश्य विधानसभा अध्यक्ष की सामाजिक पृष्ठभूमि और संवैधानिक भूमिका की वजह से उन्हें निम्न दर्जे का प्रदर्शित करना, अपमानित करना और उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक प्रतिष्ठा को कम करना था।’’
ओएसडी ने तहरीर में आरोप लगाया कि विधान पार्षदों ने विधानसभा अध्यक्ष का अपमान करने, द्वेष फैलाने और सार्वजनिक अव्यवस्था पैदा करने के इरादे से ऐसा किया।
दलित नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार के खिलाफ मधुसूदन द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोपों को लेकर सोमवार को बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कथित टिप्पणी को तेलंगाना के चार करोड़ लोगों का ‘‘अपमान’’ करार दिया था।
हालांकि, मधुसूदन ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया।
कांग्रेस के कई दलित विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने आरोप लगाया कि बीआरएस एमएलसी मधुसूदन ने विधानसभा अध्यक्ष प्रसाद कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
भाषा धीरज नरेश
नरेश