केरलम में अलग-अलग घटनाओं में दो कारों में आग लगी
केरलम में अलग-अलग घटनाओं में दो कारों में आग लगी
पथनमथिट्टा/कोट्टायम, छह सितंबर (भाषा) केरलम में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में दो कारों में आग लग गई। हालांकि, दोनों घटनाओं में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पहली घटना पथनमथिट्टा जिले में तिरुवल्ला के पास थोट्टप्पुझाशेरी में हुई।
अग्निशमन एवं बचाव दल के अधिकारियों के अनुसार, कांगाझा निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ कार से यात्रा कर रहा था। थोट्टप्पुझाशेरी में उन्हें कार के बोनट के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया।
चालक ने तुरंत कार रोक दी और बच्चे समेत परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल गए। इसके बाद उन्होंने तिरुवल्ला दमकल केंद्र को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
तिरुवल्ला से अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि कार के सड़क से हटाए जाने तक तिरुवल्ला-कुंबाझा राज्य राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
दूसरी घटना कोट्टायम जिले के मुंडक्कयम में चोट्टी के पास निर्मलापुरम में अपराह्न करीब दो बजे हुई।
चालक को कार से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद उसने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्री बाहर निकल गए। इसके बाद आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
मुंडक्कयम से अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग में कार पूरी तरह जल गई, जबकि सभी सवार सुरक्षित बच गए।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है। मोटर वाहन विभाग के अधिकारी दोनों वाहनों की जांच कर आग लगने के कारण का पता लगाएंगे।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


