नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुरानी रंजिश के चलते एक ही व्यक्ति पर गोली चलाने से जुड़े हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों को पुलिस ने सुलझा लिया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू उस्मानपुर निवासी पवन (24), कृष्ण उर्फ किस्सू (23) और शेखर उर्फ अपराधी (22) के रूप में हुई है। इन तीनों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की पहली घटना आठ जुलाई को हुई थी, जब उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रवि प्रकाश के घर के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से उनपर गोलियां चलाई थीं।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को उसी समूह ने कथित तौर पर रवि प्रकाश को दोबारा निशाना बनाया, जिसमें उनके पैर में गोली लगी। इस घटना के संबंध में भी एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर स्वीकार किया कि हाल में हुई कहासुनी के चलते उत्पन्न रंजिश के कारण उन्होंने रवि प्रकाश पर हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक अर्द्ध-स्वचालित पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश