ई-चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाने वाले उपकरण का उपयोग करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी

Ads

ई-चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाने वाले उपकरण का उपयोग करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 03:58 PM IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर स्पीड कैमरों से बचने के लिए एक उपकरण की मदद से अपनी कार की नंबर प्लेट छिपाने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि तथावड़े के निवासी विजय भगवान डांगे के खिलाफ पिंपरी-चिंचवड़ के वाकड थाने में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत जालसाजी, धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस सप्ताह की शुरुआत में स्थानीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने डांगे पर 4,500 रुपये का जुर्माना लगाया था। सोशल मीडिया पर उसकी कार का एक वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई थी।

संभवत: पुणे जाने वाली सड़क पर खालापुर टोल प्लाजा के पास दूसरी कार से बनाए गए एक वीडियो में वाहन की पीछे की नंबर प्लेट पहले दिखाई देती है, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक वह काली फिल्म से ढक जाती है।

वीडियो देखने के बाद आरटीओ की टीम ने गाड़ी के मालिक का पता लगाया। पूछताछ के दौरान पता चला कि ई-चालान से बचने के लिए उसने पंजाब में नंबर प्लेट पलटने वाला उपकरण लगवाया था।

महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे समेत कई मार्गों पर ई-चालान जारी करने के लिए एआई आधारित स्वचालित कैमरे लगाए हैं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश