मणिपुर में बम हमले में दो बच्चों की मौत

Ads

मणिपुर में बम हमले में दो बच्चों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 10:01 AM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 10:01 AM IST

इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम से हमला किया जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई जबकि उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई।

घर के अंदर बम फटने के समय तीनों सो रहे थे।

घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया।

अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं।

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को त्रोंग्लाओबी के पास के इलाके से एक विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया गया है।

इस बीच, एनपीपी के स्थानीय विधायक टी शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए “क्रूर हमले” की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि “कुकी नार्को-आतंकवादियों” ने इसे अंजाम दिया।

उन्होंने कहा, “यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।”

विधायक ने कहा, “मैं जान गंवाने वाले पांच वर्षीय लड़के और पांच महीने की बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें इतनी निर्दयता से छीन लिया गया। इस असीमित दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”

भाषा जोहेब संतोष

संतोष