भावनगर (गुजरात), 19 अगस्त (भाषा) गुजरात के भावनगर जिले में बुधवार को कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस मामले में चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
गुजरात ‘शुष्क’ राज्य है, जहां शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है।
भावनगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि आईएमएफएल (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) के एक ब्रांड की नकली बोतलों से शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हुई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पाण्डेय ने बताया कि कुछ दिन पहले खरकड़ी गांव में लोगों के एक समूह ने आईएमएफएल के एक ब्रांड की ‘‘नकली’’ बोतल से शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि बाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य को भावनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
नीलमबाग पुलिस थाने के निरीक्षक डीपी उदानकट ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति की सर टी अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई और उसकी मौत के सही कारण का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पाण्डेय ने संवाददाताओं को बताया कि वरतेज और शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘खरकड़ी गांव निवासी उपेंद्रसिंह गोहिल की सर टी अस्पताल में मौत हो गई। छह अन्य लोग सर टी और शहर के दो-तीन अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।’’
अधिकारी ने बताया कि इनमें से ज्यादातर लोगों ने नकली शराब की बोतलों से शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन बोतलों को मध्य प्रदेश से लाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन्हें वहां से कहां से लाया गया, इनका निर्माण कैसे हुआ और इन्हें यहां किसने भेजा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘इन लोगों से पूछताछ के बाद हमने पुलिस के कई दलों का गठन किया। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना की मदद से नकली आईएमएफएल ब्रांड की बोतलों की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से इसी ब्रांड की कई बोतलों को जब्त किया है और मिलावटी शराब की आपूर्ति में शामिल अन्य तस्करों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
राखी देवेंद्र
देवेंद्र