नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी स्पार्क मिंडा ने बुधवार को कहा कि वह यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में अपनी दो नई विनिर्माण इकाइयों के जरिये करीब 6,440 रोजगार सृजित करने की उम्मीद कर रही है।
इन दोनों इकाइयों में कुल 1,166 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
कंपनी ने बयान में कहा कि यीडा के सेक्टर-10 और सेक्टर-24 में स्थापित होने वाली दोनों इकाइयों का भूमि पूजन समारोह बुधवार को राजधानी में आयोजित ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026’ से इतर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में डिजिटल माध्यम से हुआ।
स्पार्क मिंडा ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में उसके मौजूदा सुरक्षा प्रणाली, डाई-कास्टिंग और वायरिंग हार्नेस संयंत्र पहले से ही भारत में उसके विनिर्माण नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
कंपनी के अनुसार, यीडा के सेक्टर-10 और सेक्टर-24 में प्रस्तावित नई इकाइयां गौतम बुद्ध नगर के मौजूदा औद्योगिक संकुल का विस्तार हैं।
स्पार्क मिंडा समूह के चेयरमैन अशोक मिंडा ने कहा, ‘‘शुरुआती दिनों से ही नोएडा स्पार्क मिंडा का केंद्र रहा है और यह विस्तार उस रिश्ते को और मजबूत कर रहा है। इस क्लस्टर में हम जो भी नया संयंत्र जोड़ते हैं, वह हमारी उन क्षमताओं को और बढ़ाता है जिन्हें हमने यहां इंजीनियरिंग, आपूर्तिकर्ता के साथ रिश्तों और लोगों के मामले में दशकों तक विकसित किया है।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय