राजस्थान स्वास्थ्य योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा, दो चिकित्सक गिरफ्तार
राजस्थान स्वास्थ्य योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा, दो चिकित्सक गिरफ्तार
जयपुर, चार मई (भाषा) राजस्थान में विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में दो चिकित्सकों को गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने सोमवार को बताया कि एसओजी ने सीकर स्थित बी. लाल लैब के संचालक डॉ. बनवारी लाल उर्फ बी. लाल और एस.के. अस्पताल में कार्यरत डॉ. कमल अग्रवाल उर्फ के.के. अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि दोनों चिकित्सकों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आरजीएचएस योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितताएं कीं।
जांच में सामने आया है कि मरीजों को बिना देखे ही फर्जी परामर्श पर्चियां तैयार की जाती थीं। इन पर्चियों के आधार पर अनावश्यक जांचें, विशेषकर एमआरआई, लिखी जाती थीं। कई मामलों में सामान्य जांच को “कॉन्ट्रास्ट एमआरआई” दिखाकर अधिक बिल बनाए गए।
एसओजी के अनुसार, एक ही जांच को कई बार दिखाकर पांच से छह रिपोर्टें आरजीएचएस पोर्टल पर अपलोड कर अतिरिक्त भुगतान प्राप्त किया गया। इसके अलावा कई मामलों में मरीज की असली रिपोर्ट की तारीख बदलकर पोर्टल पर अपलोड की गई और सरकारी धन का गलत तरीके से भुगतान लिया गया।
एक मामले में मरीज की एमआरआई रिपोर्ट चार दिसंबर 2023 की थी, लेकिन उसे पांच दिसंबर 2023 दर्शाकर भुगतान प्राप्त किया गया, जबकि संबंधित मरीज उस दिन सीकर में मौजूद ही नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि कई मरीजों को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि उनके नाम पर दावा कर भुगतान प्राप्त किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि डॉ. कमल अग्रवाल मुरलीपुरा स्थित शिव वाटिका क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि डॉ. बनवारी लाल सीकर के बसंत विहार के रहने वाले हैं।
एसओजी ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य चिकित्सकों और लैब कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


