दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लगी आग में दो पालतू कुत्तों की मौत; सात लोगों को बचाया गया
दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में लगी आग में दो पालतू कुत्तों की मौत; सात लोगों को बचाया गया
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार को अपराह्न करीब 3:45 बजे एक घर में आग लगने के बाद दो पालतू कुत्तों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित सात निवासियों को बचा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सी-600 नंबर के मकान में आग लग गई, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग फंस गए। उन्होंने कहा कि घने धुएं से इमारत घिर गई और मुख्य सीढ़ी अवरुद्ध हो गई।
पुलिस ने बताया कि धुएं के कारण दम घुटने से दो पालतू कुत्ते बेहोश पाए गए।
उन्होंने बताया, ‘मौके पर ही आपातकालीन प्राथमिक उपचार और सीपीआर दिया गया। हालांकि, एक कुत्ते की दम घुटने से वहीं मौत हो गई, जबकि दूसरे को पास के पशु चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी भी मौत हो गई।’
‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन’ (सीपीआर) एक जीवनरक्षक चिकित्सा प्रक्रिया है जिसका उपयोग तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति की हृदय गति या सांस रुक जाती है। इसका प्रयोग जानवरों पर भी किया जाता है।
दिल्ली अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने दो कुत्तों को बाहर निकाला, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके।
पुलिस ने बताया कि आग लगने की सूचना पीसीआर को मिलने के बाद, स्थानीय पुलिस दल और दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) सहित अन्य बचाव एजेंसियां दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्थित घटनास्थल पर तुरंत पहुंचीं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘टीम ने पाया कि इमारत की पहली मंजिल में आग लगी। लपटों और घने धुएं के कारण मुख्य सीढ़ी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता था, जिससे कई लोग और दो कुत्ते अंदर फंसे रह गए।’’
पुलिस ने बताया कि विशेष उपकरणों और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए सात निवासियों (दो महिला, एक पुरुष और चार बच्चे) को इमारत से बचाया गया।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


