चंपावत में खाई में गिरने के बाद कार में आग लगी, दो जिंदा जले

चंपावत में खाई में गिरने के बाद कार में आग लगी, दो जिंदा जले

चंपावत में खाई में गिरने के बाद कार में आग लगी, दो जिंदा जले
Modified Date: June 20, 2026 / 02:05 pm IST
Published Date: June 20, 2026 2:05 pm IST

चंपावत, 20 जून (भाषा) उत्तराखंड में चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में एक कार के खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गयी जिससे उसमें जलकर दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा तीन अन्य घायल हो गए । अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

लोहाघाट की उप जिलाधिकारी नीतू डांगर ने बताया कि दुर्घटना टनकपुर— पिथौरागढ़ बारहमासी सड़क के बंतोली क्षेत्र में शुक्रवार को हुई ।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय पिथौरागढ़ के कनालीछीना निवासी 36 वर्षीय बलदेव कुमार हल्द्वानी से नई कार खरीदकर परिवार के साथ लौट रहे थे जबकि उनकी कार डीडीहाट निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार चला रहा था ।

डांगर ने बताया कि बंतोली के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई और गिरते ही उसमें आग लग गयी ।

कार में पीछे की सीट पर बैठी बलदेव की पत्नी नीतू देवी (35) तथा उनके दो पुत्र— आठ वर्षीय अद्वित एवं पांच वर्षीय आरव छिटक कर दूर जा गिरे और घायल हो गए । हालांकि, बलदेव और राजेंद्र कार में ही फंस गये और दोनों की उसमें जिंदा झुलस कर मौत हो गयी ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत कार्य चलाया ।

तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं ।

भाषा सं दीप्ति रंजन

रंजन


लेखक के बारे में