नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली के विभिन्न इलाकों से लग्जरी कारें चुराकर उन्हें पंजाब और राजस्थान में बेचने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से चोरी के आठ वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी मनिंदर सिंह (32) और हरजोत सिंह (33) के रूप में हुई है।
रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने एक बयान में कहा, ‘दोनों आरोपी वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का हिस्सा थे, जो दिल्ली में लग्जरी कारों को निशाना बनाते थे और उन्हें अमृतसर, चंडीगढ़ और जयपुर जैसे शहरों में बेचते थे।’
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी पर अंकुश लगाने और ऐसे अपराधों में शामिल गिरोहों को खत्म करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के दौरान, 21 मई को एक टीम को दिल्ली में लग्जरी वाहन चोरी में शामिल चोरों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली।
सूचना मिलने पर रोहिणी में जाल बिछाकर मनिंदर सिंह को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह चोरी की गाड़ी में घूम रहा था। जांच के दौरान पता चला कि वह गाड़ी बेगमपुर इलाके से चोरी हुई थी।
पूछताछ के दौरान मनिंदर ने अपने साथी हरजोत सिंह की संलिप्तता का खुलासा किया और अन्य जानकारी दी।
पुलिस ने 24 मई को अमृतसर से हरजोत को गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी की एक गाड़ी बरामद की। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली, अमृतसर और जयपुर में कई स्थानों पर छापेमारी की, जिससे चोरी की छह और गाड़ियां बरामद हुईं।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों में हुंडई क्रेटा, टोयोटा फॉर्च्यूनर, हुंडई अल्काज़ार, होंडा अमेज़, मारुति सुजुकी बलेनो, मारुति सुजुकी ब्रेज़ा और दो किआ सेल्टोस शामिल हैं।
डीसीपी ने कहा, ‘इनकी गिरफ्तारी के साथ ही टीम ने विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के आठ मामलों को सुलझा लिया है। मनिंदर पहले भी नौ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें से चार दिल्ली में दर्ज हैं। हरजोत पंजाब में इसी तरह के पांच मामलों में शामिल रहा है।’
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश