झारखंड के चुटूपालू घाटी में ट्रक खाई में गिरा, दो लोगों की मौत

Ads

झारखंड के चुटूपालू घाटी में ट्रक खाई में गिरा, दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 08:32 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 08:32 PM IST

रांची, आठ सितंबर (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में एक ट्रक के 15 फुट गहरी खाई में गिरने से ट्रक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात रांची-रामगढ़ राजमार्ग पर दुर्घटना संभावित चुटूपालू घाटी में हुआ।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान प्रभु बैठा और विनोद यादव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले थे।

रामगढ़ के थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘ट्रक लोहे की छड़ों को लेकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहा था। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।’

उन्होंने कहा, ‘मंगलवार को ट्रक से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। वाहन मालिक सिवान जिले का निवासी है और उसे इसकी सूचना दे दी गई है।’

पांडेय ने बताया कि इसके साथ ही पिछले चार दिनों में इस मार्ग पर हुए अलग-अलग हादसों में एक महिला समेत कुल चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं और घाटी में सड़क किनारे बनी कंक्रीट की दीवार के निर्माण में खामियों के आरोपों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को भी मामले में पक्षकार बनाया है।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग तारीखों में ये दोनों प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पहली शिकायत चार सितंबर को रांची जिले के अंगड़ा निवासी रेलवे कर्मचारी की पत्नी जयवंती तिर्की ने दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रांची से रामगढ़ जाते समय मोटरसाइकिल सवार उनके पति को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शिकायत के अनुसार, सड़क किनारे बनी कंक्रीट की दीवार के कारण मोटरसाइकिल सवार के लिए सुरक्षित स्थान की ओर जाने के लिए कोई जगह नहीं बची थी, जिसके चलते वह कुचलकर मारा गया।

दूसरी शिकायत रांची निवासी फिरोज अंसारी ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि छह सितंबर को हुए हादसे में उनकी पत्नी सारा तबस्सुम की मौत हो गई थी। अंसारी ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी और सड़क किनारे बनी दीवार के कारण वाहन को सुरक्षित स्थान की ओर ले जाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची थी।

पुलिस ने बताया कि तबस्सुम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक विजय कुमार ने कहा कि घाटी क्षेत्र में उचित संरेखण के साथ नया राजमार्ग बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप