दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह में तेज रफ्तार जीप और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह में तेज रफ्तार जीप और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह में तेज रफ्तार जीप और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत
Modified Date: April 11, 2026 / 09:03 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:03 pm IST

गुरुग्राम, 11 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के तेज रफ्तार पिकअप जीप, एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में जीप में सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना झिमरावत गांव के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया।

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और उन्हें हटाने और सड़क पर यातायात बहाल करने के लिए एक क्रेन की मदद ली गई। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंडीखेड़ा के अल-अफिया अस्पताल भेजा गया और ट्रक चालक के खिलाफ पिंगवान पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पिंगवान स्टेशन हाउस ऑफिसर निखिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज रफ्तार पिकअप, ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे जीप में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान राजस्थान के टोंक जिले के निवासी सोराज कीर (38) और हेमराज मेहरा के रूप में हुई है।

कुमार ने कहा, “मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम किया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी ट्रक चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में