हिमाचल के कुल्लू में एसयूवी नाले में गिरने से दो लोगों की मौत, तीन घायल

Ads

हिमाचल के कुल्लू में एसयूवी नाले में गिरने से दो लोगों की मौत, तीन घायल

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 02:40 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 02:40 PM IST

मनाली (हिमाचल प्रदेश), एक अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ओल्ड मनाली में शनिवार को एक एसयूवी (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल) के सड़क से फिसलकर मनालसू नाले में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मनाली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) केडी शर्मा ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच के अनुसार, वशिष्ठ से मनाली की ओर जा रही काली जिमनी एसयूवी के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे एसयूवी करीब 20 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि हादसे में मंडी निवासी चालक रोहित कुमार (32) और बजौरा निवासी करुण बौद्ध (35) को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, घटना में घायल हुए विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, यह हादसा लापरवाही से वाहन चलाने और चालक के नियंत्रण खोने के कारण हुआ।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत