नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘एपीके फाइल’ के माध्यम से फोन हैक करके 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति के बैंक खातों से 10 लाख रुपये निकालने के आरोप में झारखंड से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि झारखंड के धनबाद जिले के निवासी दो आरोपियों अमरनाथ रबिदास (20) और विकास रबिदास (21) को नौ मई को गिरफ्तार किया गया ।
पुलिस के अनुसार, यह मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मीत नगर निवासी राकेश कुमार द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद सामने आया।
कुमार ने आरोप लगाया कि 25 अप्रैल को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने उनके बैंक खातों से जुड़े केवाईसी (अपने ग्राहक को जाने) विवरणों को अपडेट करने के लिए कहा।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आशीष मिश्रा ने बताया, ‘फोन करने वाले ने उनसे अपने फोन में कथित तौर पर एक फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। इसके तुरंत बाद, अनधिकृत तरीके से उनके बैंक खातों से धोखाधड़ी से 10,52,938 रुपये निकाल लिए गए।’
शिकायत के आधार पर 26 अप्रैल को एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान, पुलिस की एक टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और संदिग्धों में से एक का पता झारखंड में लगाया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सबसे पहले अमरनाथ रबिदास को झारखंड के धनबाद जिले के पिथाक्यारी इलाके से गिरफ्तार करके उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी विकास रबिदास की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से एक और मोबाइल फोन जब्त किया गया।
अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे एपीके फाइलों का उपयोग करके लोगों से ठगी करते हैं और धोखाधड़ी से प्राप्त धन को कई बैंक खातों में भेजते हैं और फिर रकम एटीएम के माध्यम से निकाल लेते हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान ठगी से हासिल पैसे में से 2.05 लाख रुपये की राशि एक बैंक खाते में ‘फ्रीज’ कर दी गई है।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्ट (एनसीआरपी) पर दर्ज पांच अन्य शिकायतें भी बरामद मोबाइल फोन से जुड़ी पाई गईं। आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष