रोहिणी में झड़प के बाद दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

Ads

रोहिणी में झड़प के बाद दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 11:25 AM IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो नाबालिगों की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना बुधवार को रोहिणी के सेक्टर-20 में हुई, जहां सुल्तानपुरी इलाके के तीन किशोर एक अन्य लड़के का पता लगाने पहुंचे थे, जिस पर उन्हें इस साल की शुरुआत में अपने एक साथी की हत्या में शामिल लोगों को पनाह देने का संदेह था।

पुलिस ने बताया कि हथियारों से लैस तीनों नाबालिग उस लड़के को नहीं ढूंढ पाए और बाद में इलाके के एक स्थानीय परिवार के सदस्यों के साथ उनकी कहासुनी हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद के दौरान युवकों ने कथित तौर पर एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए।

जब तीनों लड़कों ने भागने की कोशिश की, तो घायल महिला के बेटे और इलाके के कुछ अन्य लोगों ने उनका पीछा किया। पीछा करने के दौरान, भाग रहे लड़कों में से एक के हाथ से चाकू कथित रूप से फिसल कर गिर गया।

पुलिस ने बताया कि प्रतिद्वंद्वी गुट के 14 वर्षीय लड़के ने कथित तौर पर वह चाकू उठा लिया और दो नाबालिगों पर हमला कर दिया, जिससे एक की गर्दन पर और दूसरे के पेट व छाती पर चाकू लगा।

दोनों गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण सड़क पर गिर गए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि झड़प में घायल हुए तीसरे लड़के का इलाज किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ अपराध स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए, जिसमें हत्याओं में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया चाकू भी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में एक नाबालिग को पकड़ा गया है।

जांचकर्ताओं ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।

घटनाक्रम को स्थापित करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस को संदेह है कि यह हिंसा हत्या के पुराने मामले को लेकर दोनों गुटों के बीच आपसी रंजिश का नतीजा थी।

भाषा नोमान वैभव शोभना

शोभना