चेन्नई में 100 करोड़ रुपये के निजी स्कूल घोटाले में दो और गिरफ्तार
चेन्नई में 100 करोड़ रुपये के निजी स्कूल घोटाले में दो और गिरफ्तार
चेन्नई, 24 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में निजी स्कूल संचालकों से सरकारी मंजूरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ग्रेटर चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मदुरै जिले के आरोकियाराज (उर्फ राजा, 39) और तिरुचिरापल्ली जिले के सुरेश (49) के रूप में हुई है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह जांच तमिलनाडु के निजी स्कूल संघों के महासंघ के पदाधिकारी डीसी इलनगोवन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शुरू की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तमिलनाडु निजी स्कूल एसोसिएशन नामक गैर-पंजीकृत संगठन के प्रमुख बीटी अरसुकुमार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर स्कूल संचालकों से ठगी की।
आरोपियों ने लंबित सरकारी मंजूरियां दिलाने का झूठा भरोसा देकर बड़ी रकम वसूली। इनमें स्थायी मान्यता, स्कूलों के उन्नयन, डीटीसीपी भवन अनुमति और शिक्षा का अधिकार (आरटीई) मंजूरी जैसी स्वीकृतियां शामिल थीं।
मुख्य आरोपी अरसुकुमार को 27 जून को उसके चेन्नई स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में चार दिन की पूछताछ और जांच के बाद उसे 13 जुलाई को गुंडा अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर पुज़ल जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि 2024 से अरसुकुमार ने धनराशि जुटाने के लिए वडापलानी के एक निजी होटल और पोरूर के एक विवाह भवन में स्कूल संचालकों के साथ बैठकें आयोजित की थीं।
अधिकारियों ने बताया कि जारी जांच के दौरान केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने अरसुकुमार और उसके सहयोगियों से जुड़े 61 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


