यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए केरल में रेलवे की दो परियोजनाओं को मंजूरी: गोपी
यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए केरल में रेलवे की दो परियोजनाओं को मंजूरी: गोपी
तिरुवनंतपुरम, 10 फरवरी (भाषा) केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने रेलवे की दो परियोजनाओं को मंजूरी दे दी, जिससे राज्य के लोगों की रेल यात्रा संबंधी परेशानियां कम होंगी और माल की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।
पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री गोपी ने कहा कि अलाप्पुझा-अंबलप्पुझा लाइन और पलक्कड़ शहर-पराली बाईपास लाइन के दोहरीकरण की ये दोनों परियोजनाएं केरल के विकास को बढ़ावा देंगी।
मंत्री ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि 12.66 किलोमीटर लंबी अलाप्पुझा-अंबलप्पुझा लाइन के दोहरीकरण के लिए 324.16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना एर्नाकुलम-थुरवूर-कायमकुलम मार्ग पर यातायात की बाधा को दूर करने में मदद करेगी।
गोपी ने कहा कि 1.8 किलोमीटर लंबी पलक्कड़ शहर-पराली बाईपास लाइन के लिए 163.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे पलक्कड़ जंक्शन पर ट्रेन के इंजन बदलने के कारण लगने वाला प्रतीक्षा समय कम हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे यात्री ट्रेन का यात्रा समय 40-44 मिनट और मालगाड़ियों का यात्रा समय 120 मिनट तक कम हो जाएगा।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


