टिल्लू गिरोह के दो शार्पशूटर गिरफ्तार, गोगी गिरोह के सदस्यों की हत्या की साजिश नाकाम
टिल्लू गिरोह के दो शार्पशूटर गिरफ्तार, गोगी गिरोह के सदस्यों की हत्या की साजिश नाकाम
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़े दो कथित शार्पशूटर को गिरफ्तार किया है और विरोधी गोगी गिरोह के अहम सदस्यों की हत्या करने की साज़िश को नाकाम कर दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी जतिन (24) और विनय मान उर्फ बिट्टू (33) कथित तौर पर विदेश में बैठे गिरोह के आकाओं के कहने पर काम कर रहे थे और दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से चल रही गिरोहों की आपसी दुश्मनी के तहत लक्षित हत्याओं साजिश रच रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, एक महीने तक नज़र रखने के बाद आठ जून को ये गिरफ्तारियां की गईं।
अधिकारी ने बताया, ‘यह अभियान तब शुरू किया गया जब जानकारी मिली कि टिल्लू गिरोह के विदेश में बैठे सदस्यों ने दिल्ली में अपने साथियों को विरोधी गोगी गिरोह के अहम सदस्यों की पहचान करने और उन्हें निशाना बनाने का काम सौंपा है।’
पुलिस ने बताया कि टिल्लू ताजपुरिया और जितेंद्र मान उर्फ गोगी गिरोह के बीच दुश्मनी बरसों पुरानी है और दोनों गुटों के सदस्य अपने-अपने गिरोह के सरगनाओं की मौत के बाद भी एक-दूसरे को निशाना बनाते रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि जतिन को तब गिरफ्तार किया गया जब वह गोगी गिरोह के एक सदस्य को कथित तौर निशाना बनाने जा रहा था। उसके पास से एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि वह और उसके साथी पिछले एक महीने से संभावित लक्ष्यों के बारे में जानकारी जुटाने और उनकी रेकी करने में लगे हुए थे।
अधिकारी ने कहा, ‘उससे मिली जानकारी के आधार पर, टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार से विनय मान उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद किए गए।’
जांचकर्ताओं ने बताया कि 2017 में अपने पिता की हत्या के बाद विनय कथित तौर पर टिल्लू गिरोह में शामिल हो गया था, क्योंकि उसे शक था कि गोगी गिरोह के सदस्यों ने उन्हें निशाना बनाया था।
पुलिस ने बताया कि उसे पहले भी गिरोह की आपसी दुश्मनी से जुड़े 2019 के हत्या की कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर इंटरनेट-आधारित ‘वॉइस ऐप’ के ज़रिए विदेश में बैठे गिरोह के आकाओं से बातचीत करते थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया। अधिकारी ने कहा कि इस गिरफ्तारी से संगठित अपराध नेटवर्क के काम करने के तरीके के बारे में अहम जानकारी मिली है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


