नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके में कॉलेज छात्र संघ चुनाव के लिए प्रचार के दौरान हुए झगड़े में सत्यवती कॉलेज के दो छात्र घायल हो गए। झगड़े के दौरान दो एसयूवी कार भी क्षतिग्रस्त हुईं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना कॉलेज से लगभग एक किलोमीटर दूर हुई।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) और इससे संबंद्ध कॉलेजों में छात्र संघ का चुनाव 18 सितंबर को होगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल छात्रों की पहचान 19 वर्षीय अंश और भविष्य चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम वज़ीरपुर गांव के पास हुई, जहां दोनों विद्यार्थी कॉलेज छात्र संघ चुनाव के प्रचार में शामिल थे। झगड़े के बाद सड़क किनारे खड़ी दो एसयूवी कारों के शीशे टूटे हुए पाए गए।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस को छात्रों के बीच झगड़े, मारपीट और गोलीबारी की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें दो घायल छात्र तथा क्षतिग्रस्त वाहन मिले।
शुरुआती जांच में संकेत मिला है कि यह घटना छात्र संघ चुनावों के सिलसिले में कॉलेज में दो गुटों के बीच प्रतिद्वंद्विता से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने झगड़े की वजह की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।
जांचकर्ता यह भी स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं कि अंश और भविष्य एक ही छात्र समूह से हैं या अलग-अलग समूहों से। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि झगड़ा किसी पुराने व्यक्तिगत विवाद या दुश्मनी की वजह से तो नहीं हुआ था। पुलिस ने कहा कि इस स्तर पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
झगड़े के दौरान गोलीबारी होने की सूचना भी मिली थी, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक तौर पर गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है।
क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि अपराध टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया और उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य तथा उंगलियों के निशान एकत्र किए।
पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है जो घटना के चश्मदीद हो सकते हैं और घटनाओं के क्रम को समझने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश