कृष्णानगर में ‘भाजपा समर्थकों’ ने मुझ पर अंडे फेंके: तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा

Ads

कृष्णानगर में ‘भाजपा समर्थकों’ ने मुझ पर अंडे फेंके: तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 06:19 PM IST

कोलकाता, 16 सितंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नटना इलाके के उनके दौरे के दौरान विरोध-प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके।

महुआ के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे भी दिखाए और “वापस जाओ” के नारे लगाए, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया।

कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र से दो बार की सांसद महुआ पुलिस को सूचना देने के बाद एक बैठक में शामिल होने के लिए नटना गई थीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट कर यह जानकारी दी।

महुआ ने दावा किया, “अचानक भाजपा कार्यकर्ता यहां आए और उन्होंने मुझ पर अंडे फेंके।”

तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंकते समय “जय श्री राम” के नारे लगाए।

महुआ की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में उनके चेहरे पर अंडे के टूटे हुए छिलके दिखाई दे रहे हैं।

इससे पहले, नदिया जिले के छपरा इलाके में भी महुआ के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था।

उस समय प्रदर्शनकारियों ने पार्टी की एक बैठक से निकलते वक्त महुआ को काले झंडे दिखाए थे और इसी तरह के नारे लगाए थे।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल