नोएडा में दो अज्ञात शव मिले, एक की हत्या की आशंका; दूसरे की नशे से मौत की संभावना
नोएडा में दो अज्ञात शव मिले, एक की हत्या की आशंका; दूसरे की नशे से मौत की संभावना
नोएडा, 13 जुलाई (भाषा) नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो अज्ञात पुरुषों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना सूरजपुर क्षेत्र में क्राउन प्लाजा होटल के पास करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक का लहूलुहान शव मिला। पुलिस के अनुसार, युवक के सिर में चोट के निशान मिले हैं और शरीर पर अंदरूनी चोट भी थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि पुलिस को बीती रात होटल के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास एक खंडहरनुमा मकान है, जहां कुछ लोग बैठकर नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक दीवार फांदते समय ऊपर से गिरा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई हो।
वहीं, थाना रबूपुरा क्षेत्र के अनवरगंज गांव के पास भी बीती रात करीब 28 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अधिक मात्रा में मादक पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई होगी।
पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों शवों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
भाषा सं मनीषा
मनीषा

Facebook


