ओडिशा के झारसुगुडा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या के मामले के दो वांछित घायल

ओडिशा के झारसुगुडा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या के मामले के दो वांछित घायल

ओडिशा के झारसुगुडा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या के मामले के दो वांछित घायल
Modified Date: May 12, 2026 / 04:18 pm IST
Published Date: May 12, 2026 4:18 pm IST

भुवनेश्वर, 12 मई (भाषा) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में हत्या के एक मामले में वांछित दो आरोपी मंगलवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुबह करीब छह बजे जिले के कार्लाखमान सरकारी स्कूल के पास हुई।

उन्होंने बताया कि घायल आरोपियों की पहचान सुनील महानंदा उर्फ ​​ताबू और चांद बंछोर के रूप में हुई है और दोनों बेलपहाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की कथित हत्या में शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, यह हत्या कार में सवार लोगों और मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों के बीच हुई कहासुनी के बाद हुई। आरोपियों ने कथित तौर पर राहुल महतो और उसके साथी आकाश साहू पर धारदार हथियार से हमला किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में महतो की मौत हो गई, जबकि साहू का झारसुगुड़ा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने कार चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि महानंदा और बंछोर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि बाद में फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गईं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी कार्लाखमान गांव के पास छिपे हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने देसी पिस्तौल से छह गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई में चार गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि घायलों को पहले लखनपुर अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उनमें से एक को कुछ बीमारियों के कारण बाद में बुरला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में