राजस्थान के जोधपुर में दो युवकों पर जानलेवा हमला, एक की मौत
राजस्थान के जोधपुर में दो युवकों पर जानलेवा हमला, एक की मौत
जोधपुर/जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान के जोधपुर में शुक्रवार देर रात हुए एक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बॉम्बे मोटर सर्किल के पास हुई, जहां दोनों व्यक्ति अपनी कार की मरम्मत कराने गए थे।
मृतक की पहचान विक्की और घायल की पहचान सनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों अपनी गाड़ी के पास बैठे थे, तभी पांच से छह हमलावर मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने गोली भी चलाई और मौके से फरार हो गए।
दोनों घायलों को तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विक्की की मौत हो गई।
पुलिस उपायुक्त (जोधपुर, शहर पश्चिम) कमल शेखावत ने बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सनी का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है।
इस बीच, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना को लेकर राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दर्शाती हैं कि अपराधियों में कानून का डर कम हो गया है और सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


