भाजपा और वाम दलों के ‘नापाक गठजोड़’ के बावजूद यूडीएफ जीतेगा : वेणुगोपाल

Ads

भाजपा और वाम दलों के ‘नापाक गठजोड़’ के बावजूद यूडीएफ जीतेगा : वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 04:44 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 04:44 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को दावा किया कि वाम दलों और राजग के बीच कथित ‘‘नापाक राजनीतिक गठजोड़’’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा ‘‘बड़े पैमाने पर पैसे बांटे जाने’’ के बावजूद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) स्पष्ट रूप से जीत हासिल करेगा।

केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। आगामी चार मई को मतगणना होगी।

वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि केरल के कई क्षेत्रों में देखा गया कि भाजपा की ओर से पैसे बांटे गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा कुछ निर्वाचन क्षेत्रों को ‘ए श्रेणी’ के रूप में वर्गीकृत करने का मतलब था कि वे पैसे के वितरण के लिए निर्धारित सीटें थीं।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘भाजपा ने वोट पाने के लिए बड़े पैमाने पर पैसा खर्च किया। एक तरफ, वामपंथियों और राजग के बीच नापाक राजनीतिक गठजोड़, और दूसरी तरफ पैसा था। लेकिन नतीजे केरल में मतदाताओं की गरिमा को बनाए रखेंगे।’’

उन्होंने माकपा पर कन्नूर में फर्जी मतदान का प्रयास करने और उत्तरी केरल जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा माकपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने की खबरों को खारिज किया।

अलप्पुझा से लोकसभा सदस्य ने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ ने सकारात्मक दृष्टिकोण, स्पष्ट एजेंडे और मजबूत विमर्श के साथ चुनाव लड़ा।

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप