परिसीमन के विरोध में उदयनिधि, द्रमुक उम्मीदवारों ने काली शर्ट पहनकर किया प्रदर्शन
परिसीमन के विरोध में उदयनिधि, द्रमुक उम्मीदवारों ने काली शर्ट पहनकर किया प्रदर्शन
(फोटो के साथ)
मदुरै (तमिलनाडु), 16 अप्रैल (भाषा) परिसीमन कवायद के विरोध में काले रंग की शर्ट पहनकर द्रमुक की युवा शाखा के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने बृहस्पतिवार को यहां पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार किया, और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत सरकार पर ‘‘राज्य का संसद में प्रतिनिधित्व घटाने’’ का आरोप लगाया।
स्टालिन ने कहा कि केंद्र सरकार चुनावी राज्य तमिलनाडु में जनता का ध्यान भटकाकर संसद में परिसीमन विधेयक पारित कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को परिसीमन का विरोध करना चाहिए, क्योंकि यह जनसंख्या के आधार पर किया जाएगा, जिससे राज्य में लोकसभा सीटों का अनुपात कम हो जाएगा।
चेन्नई के चेपक-तिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उदयनिधि और द्रमुक के अन्य उम्मीदवारों ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार किया और परिसीमन कवायद के माध्यम से राज्य के प्रतिनिधित्व को घटाने के केंद्र के कथित कदम के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहने।
द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच उदयनिधि ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक की एक प्रति जलाई।
उदयनिधि स्टालिन ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का जिक्र करते हुए कहा, “आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। मैं परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए काली शर्ट पहना हूं। केंद्र सरकार तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को कम करने की कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार हमें चुनाव से भटकाकर परिसीमन विधेयक लागू करने का प्रयास कर रही है।’’
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


