नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नौ और 10 सितंबर को दिल्ली में यूजीसी-नेट पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परामर्श जारी किया है कि वे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण लागू यातायात प्रतिबंधों के चलते घर से जल्दी निकलें।
राष्ट्रीय राजधानी स्थित ‘भारत मंडपम’ में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होगा।
एनटीए ने परामर्श में कहा, ‘‘शिखर सम्मेलन के सिलसिले में व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए जा रहे हैं और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में दिल्ली यातायात पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा मार्ग परिवर्तन एवं यातायात पाबंदियां लागू की जा सकती हैं।’’
इसमें कहा गया, ‘‘हालांकि यूजीसी-नेट परीक्षा केंद्र उन इलाकों में नहीं हैं जिन पर बड़ी पाबंदियों का सीधा असर पड़ने की उम्मीद है, फिर भी दिल्ली में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के क्रम में अभ्यर्थियों को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की वजह से कुछ रास्तों पर जाम, मार्ग परिवर्तन और देरी का सामना करना पड़ सकता है।’’
एनटीए ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में किसी भी तरह की परेशानी या देरी से बचने के लिए यात्रा की उचित व्यवस्था करें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
एनटीए ने पिछले महीने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के तीन विषयों अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र के लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की थी, क्योंकि इनके प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियों की शिकायतें मिली थीं।
समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में आयोजित की जाएगी।
एनटीए ने ‘जूनियर रिसर्च फेलोशिप’ (जेआरएफ), सहायक प्रोफेसर के तौर पर पात्रता और पीएचडी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 87 विषयों में 22 से 30 जून तक यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा आयोजित की थी।
भाषा नेत्रपाल मनीषा
मनीषा