केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार 22 मई को ‘जीवन’ ऐप और ‘शतायु’ डैशबोर्ड की शुरुआत करेंगे

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार 22 मई को 'जीवन' ऐप और 'शतायु' डैशबोर्ड की शुरुआत करेंगे

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार 22 मई को ‘जीवन’ ऐप और ‘शतायु’ डैशबोर्ड की शुरुआत करेंगे
Modified Date: May 21, 2026 / 05:30 pm IST
Published Date: May 21, 2026 5:30 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘जीवन’ मोबाइल ऐप और उनकी देखभाल करने वाले के लिए ‘शतायु’ डैशबोर्ड की औपचारिक रूप से शुरुआत करेंगे।

मंत्रालय द्वारा ‘सुचारू रूप से कार्य करने वाली देखभाल अर्थव्यवस्था का सृजन’ विषय पर एक आभासी कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री इसकी शुरुआत करेंगे।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और नीतिगत हस्तक्षेपों के माध्यम से देश के देखभाल परिवेशी तंत्र को मजबूत करना है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के सचिव सुधांश पंत इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा और रामदास अठावले भी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि देखभाल अर्थव्यवस्था में बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की देखभाल, दिव्यांगों को सहायता, स्वास्थ्य संबंधी घरेलू देखभाल और घरेलू सेवाएं हैं, जिनमें औपचारिक और अनौपचारिक क्षेत्रों के माध्यम से प्रदान की जाने वाली अवैतनिक घरेलू देखभाल और सवैतनिक देखभाल सेवाएं दोनों शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम में देखभाल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्रालय की पहलों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम में कर्नाटक और केरल द्वारा देखभाल अर्थव्यवस्था क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रथाओं पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

बयान के अनुसार, केंद्रीय मंत्रालयों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी, शिक्षाविद और इस क्षेत्र के विशेषज्ञ नीतिगत मुद्दों, कार्यान्वयन में कमियों, उभरती पहलों और व्यावहारिक सिफारिशों पर विचार-विमर्श करेंगे।

भाषा

प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में