नोएडा, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-32 स्थित एक आवासीय सोसाइटी की 28वीं मंजिल से 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, परिजनों ने बताया कि वह कुछ समय से तनाव में थी।
यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की है जब सेक्टर-32 के डी-ब्लॉक की निवासी अर्पिता ने इमारत से छलांग लगा दी।
वह पंजाब के एक कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और दो दिन पहले ही नोएडा लौटी थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।”
परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद से वह तनाव में थी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को उसने अपने अपार्टमेंट की 28वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड ने घटना देखी और तुरंत परिवार को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
उसने बताया कि युवती के पिता व्यवसायी हैं। परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-32 स्थित सोसाइटी में रह रहा है।
पुलिस ने कहा, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच जारी है।”
भाषा
सं खारी रवि कांत