नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली मेट्रो के ‘येलो लाइन’ के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के पटरी पर गिर जाने के कारण मेट्रो सेवाएं करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहीं।
मेट्रो का इंतजार करते समय प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ देखी गई।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के पटरी पर होने के कारण ‘येलो लाइन’ पर ट्रेन सेवाओं के संचालन में देरी हुई।”
डीएमआरसी ने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा कारणों से येलो लाइन पर ट्रेन सेवाओं को नियंत्रित किया गया, जिससे सुबह के व्यस्त समय में इस कॉरिडोर के कई स्टेशन पर मेट्रो के लिए प्रतीक्षा का समय बढ़ गया और भीड़ एकत्रित हो गई।
एक यात्री अमित ने कहा कि कार्यालय के समय में यह व्यवधान काफी असुविधाजनक रहा।
उन्होंने कहा, “यह ऑफिस का समय है और भारी भीड़ है। ट्रेन आ भी रही हैं तो इतनी भरी हुई हैं कि चढ़ना मुश्किल हो रहा है।”
एक अन्य यात्री ने कहा, “पहले ही देर हो रही है और यह स्पष्ट नहीं है कि यह स्थिति कब तक रहेगी। हममें से कई लोग आज समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाएंगे।”
डीएमआरसी के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे बाद येलो लाइन पर सामान्य सेवाएं बहाल कर दी गईं।
दिल्ली पुलिस की मेट्रो इकाई ने एक बयान में कहा कि विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर 52 वर्षीय एक व्यक्ति पटरी पर गिरने से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी स्टेशन नियंत्रक से मिली।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मेट्रो कर्मियों द्वारा घायल को हिंदू राव अस्पताल भेजा जा चुका था।
एक अधिकारी ने कहा, “घायल की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो करावल नगर के निवासी हैं। अस्पताल में उन्होंने पुलिस को बताया कि प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े रहने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गए।”
अधिकारी ने बताया कि कुमार के सिर में चोट आई है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की साजिश या गड़बड़ी की आशंका नहीं है।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप