उप्र : लखीमपुर खीरी में महिला की मौत के बाद तेंदुआ पकड़ा गया
उप्र : लखीमपुर खीरी में महिला की मौत के बाद तेंदुआ पकड़ा गया
लखीमपुर खीरी, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार सुबह दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन के अधिकारियों ने निघासन वन क्षेत्र के अंतर्गत भेड़ौरी गांव से एक तेंदुए को पकड़ लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए पर भेड़ौरी गांव की 35 वर्षीय महिला उषा पर हमला कर उसकी जान लेने का संदेह है। घटना के बाद तेंदुआ गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के लिए खतरा बना हुआ था।
दुधवा बफर जोन की उपनिदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया, ‘‘भेड़ौरी गांव में लगाए गए पिंजरे में रखे चारे की मदद से तेंदुए को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।’’
उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के बाद रेंज मुख्यालय लाया गया, जहां दुधवा के पशु चिकित्सक डॉ. दया शंकर ने उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया। जांच में पता चला कि वह लगभग तीन वर्ष की मादा तेंदुआ है।
चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के आधार पर आशंका है कि यही वह तेंदुआ है जिसने भेड़ौरी गांव में महिला पर हमला किया था, क्योंकि निगरानी अभियान के दौरान क्षेत्र में किसी अन्य तेंदुए की मौजूदगी के संकेत नहीं मिले।
उन्होंने कहा कि दुधवा बफर जोन में तेंदुए को पकड़ने की यह 13वीं घटना है, जो क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को रेखांकित करती है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


