बहराइच (उप्र), दो सितंबर (भाषा) बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककराहा रेंज में तेंदुए के हमले में एक युवक के जान गंवाने की घटना 24 घंटे के भीतर वन विभाग ने बुधवार तड़के आदमखोर तेंदुए को पिंजरे में बंद कर दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि मंगलवार तड़के महबूबनगर गांव में 28 वर्षीय रामसिंह पर तेंदुए ने हमला किया था और उसे घर के बाहर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया था, जहां उसका शव मिला।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और तनाव को देखते हुए वनकर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डीएफओ के अनुसार, घटनास्थल और पीड़ित के आंगन में मिले पगमार्क के वैज्ञानिक विश्लेषण से हमलावर की पहचान एक वयस्क नर तेंदुए के रूप में हुई। इसके आधार पर मंगलवार शाम एक स्थान पर पिंजरा लगाया गया और बुधवार तड़के एक वयस्क नर तेंदुआ उसमें फंस गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तेंदुए और घटनास्थल पर मिले पगमार्क के वैज्ञानिक मिलान के बाद पुष्टि हुई कि यही तेंदुआ युवक पर हमला करने वाला था।
दीक्षित ने बताया कि तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और मानक प्रोटोकॉल के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिछले करीब छह सप्ताह में कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिंजरे लगाकर कुल 10 तेंदुए पकड़े जा चुके हैं।
वन विभाग ने जंगल से सटे गांवों के लोगों से रात में पर्याप्त रोशनी रखने, खुले में न सोने, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखने तथा रात में अकेले अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
भाषा सं जफर
मनीषा संतोष
संतोष