जन्माष्टमी के लिए सजे मथुरा, वृन्दावन; 500-ड्रोन शो की योजना बनाई गई

Ads

जन्माष्टमी के लिए सजे मथुरा, वृन्दावन; 500-ड्रोन शो की योजना बनाई गई

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 03:41 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 03:41 PM IST

मथुरा (उप्र), दो सितंबर (भाषा) भगवान कृष्ण के जीवन और किंवदंतियों से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थल मथुरा और वृंदावन को जन्माष्टमी समारोह से पहले विस्तृत सजावट एवं चमकदार रोशनी से सजाया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यहां चौराहों और प्रमुख सड़कों पर विशेष सजावट की गई है, विशेषकर कृष्ण जन्मभूमि और अन्य प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों पर, जो तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार ब्रज तीर्थ विकास परिषद, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026’ के तहत देश भर से 1,000 से अधिक कलाकार दो दर्जन से अधिक छोटे मंचों और लगभग आधा दर्जन प्रमुख मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

भक्तों का स्वागत बीन की मधुर धुनों वाले प्रदर्शनों से किया जा रहा है, जबकि ढोल और नगाड़ों की थाप एवं जीवंत लोक नृत्य उत्सव के माहौल में चार चांद लगा रहे हैं।

परिषद के पदेन मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि कान्हा के जन्मोत्सव का उल्लास अब ब्रजभूमि में परवान चढ़ने लगा है।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा-वृन्दावन की गलियां, चौराहे और प्रमुख सांस्कृतिक स्थल एक बार फिर श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

उपाध्यक्ष ने कहा कि परिषद की ओर से व्यापक सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि ब्रज की समृद्ध लोक परंपरा, संगीत और कला को श्रद्धालुओं के सामने जीवंत करना भी है।

उन्होंने बताया कि यही नहीं, डैम्पीयर नगर में बने विशाल प्रेक्षागृह (पांचजन्य) में बुधवार से त्रिदिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव प्रारंभ हो गया है जिसमें कन्हैया मित्तल जैसे अनेक प्रसिद्ध कलाकार अगले तीन दिन तक कृष्ण भक्ति और ब्रज संस्कृति की झलक से जुड़ी प्रस्तुतियां देंगे।

नागप्पन के अनुसार इनके अलावा प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ‘स्ट्रीट परफॉर्मर’ भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 350 कलाकार बीन, ढोल, नगाड़े, ढपली, शहनाई, बेला-तबला आदि वाद्ययंत्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को रिझा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के उत्सव में इस बार आकाश भी कृष्णमय होगा। परिषद द्वारा पहली बार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर चार सितम्बर की रात 9 से 10 बजे तक विशेष ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।

किशोरी रमण बीएड कॉलेज से बॉटलैब डायनामिक्स के इस भव्य लाइट शो में 500 ड्रोन शामिल होंगे। आसमान में उड़ते ड्रोन कृष्ण लीला से जुड़ी विभिन्न आकृतियां बनाएंगे।

भाषा सं जफर

राजकुमार

राजकुमार