एटा (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) एटा जिले के मिरहची क्षेत्र में गोकशी के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार को मिरहची थाना क्षेत्र के अचलपुर गांव में आरोपी तोशीम के घर से जानवर के संदिग्ध अवशेष बरामद किये गये थे। उन्होंने बताया कि जानवर की प्रजाति का पता लगाने के लिए अवशेषों को फोरेंसिक और पशु चिकित्सा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया, ‘‘ग्रामीणों का आरोप है कि एक गाय को पहले ही काटा जा चुका था और दूसरी को काटने की तैयारी चल रही थी तभी उन्होंने हस्तक्षेप किया तथा आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।’’
कुशवाहा ने बताया कि तोशीम ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की जिससे उसके पैर में आई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कुशवाहा ने बताया कि इस मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और फोरेंसिक तथा पशु चिकित्सा रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज