महाराष्ट्र: वर्ली में लाल बत्ती पर टैक्सी से उतर रही बुजुर्ग महिला को बेस्ट की बस ने कुचला

Ads

महाराष्ट्र: वर्ली में लाल बत्ती पर टैक्सी से उतर रही बुजुर्ग महिला को बेस्ट की बस ने कुचला

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 05:51 PM IST

मुंबई, सात सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र में मुंबई के वर्ली इलाके में सोमवार को बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, यह हादसा पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 25 मिनट पर एसटी ऑफिस जंक्शन के पास उस समय हुआ, जब वी.आर. साबले, लाल बत्ती पर रुकी टैक्सी से उतर रही थीं।

उन्होंने बताया कि लाल बत्ती होने पर साबले की टैक्सी बायकुला से लोटस की ओर जा रही बेस्ट बस के बगल में रुकी थी और इसी दौरान वह टैक्सी से उतर रही थीं।

अधिकारी ने बताया कि हरी बत्ती होते ही बस आगे बढ़ गई और उसका पिछला बायां पहिया साबले के ऊपर चढ़ गया।

उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात बस के परिचालक ने तुरंत गंभीर रूप से घायल महिला को पास के नायर अस्पताल पहुंचाया।

अधिकारी ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और सिर व कान से खून बह रहा था।

चिकित्सकों ने दोपहर करीब 12 बजकर 15 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेस्ट के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बेस्ट की इस बस को ‘वेट लीज’ पर लिया गया था और घटना के समय बस में तैनात परिचालक बेस्ट का स्थायी कर्मचारी था।

‘वेट लीज’ व्यवस्था के तहत बस को चालक के साथ पट्टे पर लिया जाता है।

भाषा जितेंद्र धीरज

धीरज