महराजगंज, 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में दो शिक्षकों के कथित तौर पर स्कूल परिसर में शराब पीने और मांसाहारी भोजन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षकों में से एक को पहले ही एक अलग मामले में निलंबित किया जा चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है, लेकिन रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दो शिक्षक स्कूल परिसर में शराब और मांस के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, एक शिक्षक स्कूल की रसोइया के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करते हुए भी नजर आ रहा है।
महराजगंज के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बीएसए सिंह ने कहा, ‘‘ इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि विभाग घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रहा है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत