राजस्थान विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस व भाजपा के विधायक आए आमने-सामने
राजस्थान विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस व भाजपा के विधायक आए आमने-सामने
जयपुर, पांच मार्च (भाषा) राजस्थान विधानसभा में बृहस्पतिवार शाम एक विधेयक पर चर्चा के दौरान पीठासीन अधिकारी और कांग्रेस के विधायक के बीच नोक झोंक हो गई।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व विपक्षी कांग्रेस के विधायकों के आमने सामने आने, सदन में हंगामा होने व नारेबाजी के बीच कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन में राजस्थान दुकान एवं वाणिज्यिक अधिष्ठान (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा बोल रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष की पीठ पर आसीन संदीप शर्मा ने उन्हें वक्त का ध्यान दिलाया, इस पर विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि विधेयक पर चर्चा के दौरान किसी विधायक को घंटी बजाकर टोकने की परंपरा नहीं है।
शर्मा ने कहा कि वह हरिमोहन को समय के बारे में सूचित कर रहे हैं, जिसके बाद डोटासरा ने कुछ कहा तो शर्मा और उनके बीच तीखी नोक झोंक हो गई।
सत्तापक्ष ने शर्मा के प्रति डोटासरा के व्यवहार पर आपत्ति जताई। संसदीय कार्य मंत्री जोगराम पटेल व मंत्री अविनाश गहलोत ने शर्मा का बचाव करते हुए डोटासरा के व्यवहार की निंदा की। इस मुद्दे को लेकर दोनों ओर से हंगामा और नारेबाजी हुई।
हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
बाद में कार्यवाही शुरू हुई तो विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने तत्कालीन शर्मा, डोटासरा व संसदीय कार्यमंत्री की बात सुनी और कहा कि वह कल घटनाक्रम की रिकार्डिंग देखने के बाद अपनी व्यवस्था देंगे।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब

Facebook


