अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने कोलकाता में ‘मदर हाउस’ का दौरा किया

Ads

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने कोलकाता में ‘मदर हाउस’ का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 09:36 AM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 09:36 AM IST

(तस्वीर सहित)

कोलकाता, 23 मई (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को कोलकाता में सेंट टेरेसा के ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ का दौरा किया।

रुबियो भारत की अपनी पहली चार दिवसीय यात्रा पर आज सुबह कोलकाता पहुंचे। कोलकाता के हवाई अड्डे पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय का दौरा किया और वहां के अधिकारियों से बात की।

कोलकाता में मदर टेरेसा द्वारा स्थापित ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ एक कैथोलिक संस्था है, जो दुनियाभर में गरीबों, बीमारों और असहायों की सेवा के लिए समर्पित है।

अमेरिका के किसी विदेशी मंत्री का 14 साल बाद कोलकाता में आगमन हुआ है। इससे पहले मई 2012 में अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कोलकाता का दौरा किया था।

रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के रूप में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है।

गोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। यह उनकी भारत की पहली यात्रा है। आज बाद में हम नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। आने वाले दिनों में व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी तथा सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।’’

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि रुबियो कोलकाता प्रवास के दौरान शहर के एक बाल गृह का भी दौरा करेंगे।

रुबियो 23 से 26 मई तक भारत यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनका आगरा, जयपुर और नयी दिल्ली जाने का भी कार्यक्रम है। इस दौरे को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें भारत के साथ ऊर्जा सहयोग पर चर्चा और क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक प्रस्तावित है।

भाषा खारी सुरभि

सुरभि