बुखारेस्ट (रोमानिया), 23 मई (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने सुपर शतरंज क्लासिक के आठवें दौर में जीत हासिल करने के कुछ अच्छे मौके गंवा दिए और आखिर में उन्हें फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
दिन के अन्य मुकाबलों में अमेरिका के फैबियानो कारुआना और जर्मनी के विंसेंट कीमर के बीच बाजी ड्रॉ रही, जबकि विश्व चैंपियनशिप के दावेदार उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने नीदरलैंड के जॉर्डन वैन फोरस्ट पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
नीदरलैंड के एक अन्य खिलाड़ी अनीश गिरी को रोमानिया के डिएक बोगदान-डेनियल से हार का सामना करना पड़ा। फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा के नाम वापस लेने के बाद अमेरिका के वेस्ली सो को वॉकओवर मिला।
अब जबकि आखिरी दौर का खेल बाकी है तब खिताब के लिए पांच खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अभी कीमर और कारुआना दोनों पांच-पांच अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। सिंदारोव, वेस्ली और फोरस्ट 4.5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे जबकि प्रज्ञाननंदा, गिरी और वाचियर-लाग्रेव चार-चार अंक लेकर संयुक्त छठे स्थान पर हैं।
डिएक बोगदान-डेनियल ने अपना अभियान 3.5 अंकों के साथ समाप्त किया। अंतिम दौर में उन्हें वॉकओवर मिलेगा जिससे उनका स्कोर 4.5 हो जाएगा।
सिंदारोव पर दूसरे दौर में जीत के बाद प्रज्ञाननंदा की दूसरी जीत की तलाश वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ लगभग पूरी हो गई थी। भारतीय खिलाड़ी सफेद मोहरों से खेलते जीत की अच्छी स्थिति में पहुंच गया था। उनके पास कुछ अच्छे मौके थे लेकिन वह उन्हें नहीं भुना पाए और आखिर में टूर्नामेंट का यह सबसे लंबा मुकाबला 139 चाल में समाप्त हुआ।
प्रज्ञाननंदा अपनी अंतिम बाजी में अनीस गिरी का सामना करेंगे।
भाषा
पंत
पंत