उप्र : बाराबंकी में पीएसी बैरक में फांसी के फंदे से लटका मिला कांस्टेबल का शव
उप्र : बाराबंकी में पीएसी बैरक में फांसी के फंदे से लटका मिला कांस्टेबल का शव
बाराबंकी, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार को 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर के बैरक स्थित अपने कमरे में 30 वर्षीय एक पुलिसकर्मी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक मृतक की पहचान दीपक सिंह के रूप में हुई है, जो वर्ष 2021 बैच के प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के कांस्टेबल थे।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह काफी देर तक दीपक के कमरे का दरवाजा न खुलने पर उनके एक साथी पुलिसकर्मी को संदेह हुआ। जब दरवाजा खोला गया, तो उनका शव छत से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पीएसी के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि दीपक सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उप-निरीक्षक रशीद खान ने बताया कि इस कथित आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है।
कांस्टेबल दीपक सिंह मूल रूप से मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। सूत्रों के अनुसार बताया जाता है दीपक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


