उप्रः अमरूद तोड़ने को लेकर विवाद में बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या, आरोपी महिला हिरासत में
उप्रः अमरूद तोड़ने को लेकर विवाद में बुजुर्ग की पीट पीटकर हत्या, आरोपी महिला हिरासत में
महराजगंज, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार को अमरूद तोड़ने को लेकर हुए झगड़े में एक बुजुर्ग की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धर्मौली गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मुखलाल शर्मा (70) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शर्मा अपने घर पर अकेले थे कि तभी पड़ोस में रहने वाला तीन साल का एक बच्चा उनके घर के सामने लगे पेड़ से अमरूद तोड़ने लगा।
पुलिस ने बताया कि शर्मा ने इसका विरोध किया और बच्चे को फल न तोड़ने के लिए कहा, जिसके बाद उनकी और बच्चे की मां के बीच बहस हो गई।
पुलिस के मुताबिक, बहस के दौरान महिला ने शर्मा पर लाठी से कथित तौर पर हमला किया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
श्यामदेउरवा थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है, साथ ही मामले की जांच भी जारी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


