उप्र: बदायूं में फर्जी आधार कार्ड गिरोह चलाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
उप्र: बदायूं में फर्जी आधार कार्ड गिरोह चलाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
बदायूं, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज तैयार करने में कथित रूप से संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई हजरतपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार करने के लिए अवैध कार्यालय संचालित करते पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कादर चौक थाना क्षेत्र के मुंशी नगला निवासी फरमान अली, अलापुर थाना क्षेत्र के उपरेला निवासी अनुज कुमार और उझानी थाना क्षेत्र के सिरसौली निवासी ब्रजनंदन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक फिंगरप्रिंट स्कैनर, तीन लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क, एक स्कैनर, बड़ी संख्या में आधार कार्ड तथा कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार करने, लोगों को गुमराह करने और अवैध तरीके से धन अर्जित करने में संलिप्त था।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच में इस मामले में अन्य खुलासे होने की संभावना है। भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


