उप्र: भारत-नेपाल सीमा पर दो नाबालिग लड़कियों को मानव तस्करी से बचाया गया
उप्र: भारत-नेपाल सीमा पर दो नाबालिग लड़कियों को मानव तस्करी से बचाया गया
श्रावस्ती, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में भारत-नेपाल सीमा के निकट पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और एक गैर-सरकारी संगठन के संयुक्त अभियान में नेपाल की दो नाबालिग लड़कियों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कियों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से बुधवार को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक, गैर-सरकारी संगठन ‘देहात इंडिया’ के प्रतिनिधि मोहम्मद यूसुफ से मिली सूचना के आधार पर 28 अप्रैल को अभियान चलाया गया।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी निरोधक (एएचटी) इकाई ने स्थानीय पुलिस, एसएसबी कर्मियों और एनजीओ प्रतिनिधियों के साथ सिरसिया थाना क्षेत्र के सुईया इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जहां भारत-नेपाल सीमा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में दो नाबालिग लड़कियां मिलीं।
बयान के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पता चला कि एक लड़की नेपाल के बर्दिया जिले और दूसरी कैलाली जिले की निवासी है।
बयान में बताया गया कि महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में दोनों लड़कियों को सुरक्षित निकालकर ‘वन स्टॉप सेंट” लाया गया और बाद में उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बयान के मुताबिक, चिकित्सीय जांच सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लड़कियों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


