उत्तर प्रदेश के युवक ने प्रधानमंत्री को लिखा भावुक पत्र, उनके नेतृत्व पर ‘अटूट विश्वास’ जताया
उत्तर प्रदेश के युवक ने प्रधानमंत्री को लिखा भावुक पत्र, उनके नेतृत्व पर ‘अटूट विश्वास’ जताया
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के एक युवा प्रतियोगी परीक्षा आकांक्षी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर वैश्विक अस्थिरता, संघर्षों और उनसे उत्पन्न आर्थिक चुनौतियों के बीच उनके नेतृत्व पर अटूट विश्वास व्यक्त किया है।
कानपुर निवासी आशुतोष यादव ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार और आपूर्ति शृंखलाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आत्मनिर्भरता, संयम और राष्ट्रीय हित पर दिया जा रहा जोर करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
यादव ने लिखा कि उनका पूरा परिवार राष्ट्रहित में किसी भी प्रकार का त्याग करने के लिए तैयार है और उन्होंने अनावश्यक आयातित वस्तुओं पर निर्भरता कम करने का संकल्प लिया है, ताकि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
प्रधानमंत्री के अपनी सुरक्षा से जुड़े खर्चों में कटौती को लेकर मीडिया में आ रही खबरों का उल्लेख करते हुए यादव ने चिंता जताई और कहा कि मोदी की सादगी तथा त्याग की भावना प्रेरणादायक है, लेकिन उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने लिखा कि देशवासी कठिनाइयां सह सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं कर सकते।
यादव ने अपने पत्र में कहा, ‘‘आप केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आशा, विश्वास और प्रेरणा के प्रतीक हैं। आप इस राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘हम कमी सह लेंगे, कठिनाइयों का सामना कर लेंगे और आवश्यकता पड़ने पर भूखे भी रह लेंगे, लेकिन भारत के स्वाभिमान, पहचान और संप्रभुता को कभी आंच नहीं आने देंगे।’’
कोविड महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए यादव ने कहा, ‘‘जिस नेतृत्व ने उस कठिन दौर में देश को आशा और आत्मविश्वास दिया, वही आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।’’
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत और अधिक मजबूत होकर उभरेगा तथा वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल करेगा।
पत्र में उनकी दादी इंद्राणी देवी, पिता श्याम सिंह और माता सुधा यादव की ओर से प्रधानमंत्री के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी भेजा गया है।
यादव ने अपने दिवंगत छोटे भाई अभिषेक यादव का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उसके लिए भी प्रेरणा के स्रोत रहे थे।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


