उत्तराखंड : दिव्यांग कोटे से भर्ती 234 प्रवक्ताओं का एम्स-ऋषिकेश में होगा स्वास्थ्य परीक्षण
उत्तराखंड : दिव्यांग कोटे से भर्ती 234 प्रवक्ताओं का एम्स-ऋषिकेश में होगा स्वास्थ्य परीक्षण
देहरादून, छह मार्च (भाषा) उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में राज्य गठन के बाद से दिव्यांग कोटे के जरिये नियुक्त सभी 234 प्रवक्ताओं (लेक्चरर) का स्वास्थ्य परीक्षण अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स)-ऋषिकेश में कराया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस संबंध में राज्य के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्त सभी 234 प्रवक्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण सात मार्च से दो अप्रैल तक एम्स-ऋषिकेश में कराया जाएगा। इसके अनुसार जांच सप्ताह में दो दिन-प्रत्येक बृहस्पतिवार और शनिवार सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगी और एक दिन में 50 प्रवक्ताओं की दिव्यांगता संबंधी जांच की जाएगी।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई प्रवक्ता निर्धारित अवधि में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध विभाग की ओर से एकतरफा कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं ही जिम्मेदार होंगे।
‘नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड’, उत्तराखंड द्वारा इस संबंध में दायर एक जनहित याचिका पर आए उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राज्य सरकार ने यह मेडिकल बोर्ड गठित किया है जो दिव्यांग कोटे से नौकरी पाने वाले सभी प्रवक्ताओं की दिव्यांगता की जांच करेगा।
इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि जब भी सरकार के संज्ञान में ऐसे प्रकरण आते हैं, उनकी जांच कराने के बाद उचित कार्रवाई की जाती है। रावत ने कहा कि इस प्रकरण की जांच में भी जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, ऋषिकेश-एम्स के सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीनॉय मोहंती ने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण की सभी व्यवस्थाएं कर ली गयी हैं और डॉ मृत्युंजय कुमार को मेडिकल बोर्ड के प्रमुख के रूप नामित किया गया है।
भाषा दीप्ति अमित
अमित

Facebook


