उत्तराखंड: कोटद्वार में नदी में बही मां-बेटी के शव बरामद किये गये
उत्तराखंड: कोटद्वार में नदी में बही मां-बेटी के शव बरामद किये गये
कोटद्वार, एक सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार क्षेत्र में मंगलवार को कोल्हू नदी के तेज बहाव में बही एक महिला और उसकी करीब डेढ़ साल की बेटी के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सिगड़ी (कोटद्वार) निवासी सद्दाम मंगलवार अपराह्न करीब सवा दो बजे अपनी पत्नी जेनम (26) और करीब डेढ़ साल की बेटी शहजादी उर्फ आफिया के साथ मोटरसाइकिल से बिजनौर जिले के नगीना देहात थाना क्षेत्र के कोटकादार गांव में अपनी बहन के घर गया था।
पुलिस ने बताया कि कोटकादार से वापस लौटते समय कोल्हू नदी पार करते वक्त तेज बहाव के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गयी।
पुलिस के मुताबिक, पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर जेनम और उसकी बेटी नदी में बह गईं हालांकि सद्दाम किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहा। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की मदद से मां-बेटी की तलाश शुरू की गई और कुछ ही देर बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


