उत्तराखंड शिक्षा निदेशक मारपीट मामला : शिक्षा विभाग के कर्मचारी करेंगे कार्य बहिष्कार

उत्तराखंड शिक्षा निदेशक मारपीट मामला : शिक्षा विभाग के कर्मचारी करेंगे कार्य बहिष्कार

उत्तराखंड शिक्षा निदेशक मारपीट मामला : शिक्षा विभाग के कर्मचारी करेंगे कार्य बहिष्कार
Modified Date: February 22, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: February 22, 2026 9:31 pm IST

देहरादून, 22 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के कथित समर्थकों द्वारा की गयी मारपीट की घटना से आक्रोशित शिक्षा विभाग के कर्मचारी सोमवार और मंगलवार को कार्य बहिष्कार करेंगे। कर्मचारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ़्तारी की मांग की है।

वहीं, प्रकरण को लेकर भाजपा द्वारा तलब किए जाने के बाद विधायक उमेश शर्मा काऊ ने पार्टी के सामने अपना पक्ष रखा।

कार्य बहिष्कार का निर्णय विभिन्न शिक्षक संघों, फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन, कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड फार्मेसिस्ट एसोसिएशन, कलेक्ट्रेट संघ, डिप्लोमा इंजीनियर संघ सहित अन्य कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों की यहां हुई एक बैठक में लिया गया ।

बैठक के बाद राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने बताया कि घटना की कड़ी निंदा करते हुए बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार और मंगलवार को शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव से कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने तथा राज्य के सभी विभागों में पुलिस तैनात करने का आग्रह किए जाने का भी निर्णय लिया गया।

चौहान के अनुसार, बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगर इन दो दिनों में आरोपियों की गिरफ़्तारी नहीं होती तो 25 फरवरी से प्रदेश में नगर पंचायत से लेकर राज्य सचिवालय तक सभी कार्यालय कार्य बहिष्कार करेंगे।

एक स्कूल का नाम बदलने को लेकर देहरादून के रायपुर क्षेत्र से विधायक काऊ के समर्थकों ने उनकी मौजूदगी में शनिवार को नौडियाल के कमरे में कथित तौर पर तोड़फोड़ करते हुए उनके साथ मारपीट की थी जिससे वह घायल हो गए थे। घटना में नौडियाल को एक आंख के पास चोटें भी आयीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

बाद में, नौडियाल की तहरीर पर रायपुर पुलिस थाने में विधायक तथा उनके समर्थकों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। विधायक के समर्थकों ने भी एक मुकदमा अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया।

इस संबंध में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि दोनों ओर से दर्ज मामलों की विवेचना की जा रही है।

घटना पर संज्ञान लेते हुए भाजपा ने विधायक से जवाब तलब किया। इस संबंध में, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए देर रात विधायक को बुलाया गया था जिसमें उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए घटना के लिए खेद जताया।

भट्ट ने कहा कि विधायक द्वारा घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली गई है और अब इस मुद्दे को अनावश्यक तूल देने से सभी को बचना चाहिए।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह के उपद्रव, अराजकता या अशोभनायीय व्यवहार के पक्ष में नहीं है, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, पार्टी पदाधिकारी हो, कार्यकर्ता हो अथवा अन्य कोई व्यक्ति।

इस बीच, डोईवाला से भाजपा विधायक बृजभूषण गैरोला ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी की ऐसी रीति-नीति नहीं रही है और सभी को अपनी बात उचित मंच पर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कि यह गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून अपना काम करेगा।

भाषा दीप्ति

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में