उत्तराखंड: ‘जिन्न’ के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाला कादरी बाबा गिरफ्तार

उत्तराखंड: ‘जिन्न’ के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाला कादरी बाबा गिरफ्तार

उत्तराखंड: ‘जिन्न’ के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाला कादरी बाबा गिरफ्तार
Modified Date: February 20, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: February 20, 2026 7:47 pm IST

रुद्रपुर, 20 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले में पुलिस ने धन दोगुना करने के नाम पर लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की कथित तौर पर ठगी करने वाले एक बाबा और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि काशीपुर के आईटीआई क्षेत्र में रहने वाले शकील अहमद नाम के व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरताज अली उर्फ कादरी बाबा और उसके दो सहयोगियों शफीक अहमद और मोहम्मद आरिफ को उत्तर प्रदेश के रामपुर से बुधवार को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी लोगों को विश्वास दिलाते थे कि कादरी बाबा पर “जिन्न” आता है, जो धन दोगुना कर देता है।

उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले क्षेत्र में एक धार्मिक जलसे के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बाबा ने पहले अपने धार्मिक प्रवचनों से लोगों को प्रभावित किया और बाद में विभिन्न “निवेश योजनाएं” शुरू कर दीं।

गणपति ने बताया कि इन ठगों द्वारा 15,500 रुपये जमा करने पर 40 दिन बाद 20,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाने जैसी कई कथित योजनाएं चलायी जा रही थीं और बाबा के सहयोगी घर-घर जाकर प्रचार करते थे कि बाबा से जुड़े लोगों के पास “जिन्न” के जरिए लगातार धन आ रहा है और उससे उन्होंने प्लॉट, मकान और महंगी गाड़ियां खरीदी हैं।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लोगों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की रकम एकत्र की और उससे उन्होंने मकान एवं प्लॉट के अलावा गाड़ियां खरीदीं।

अधिकारी ने बताया कि जब पीड़ितों ने आरोपियों से अपनी धनराशि वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

गणपति ने बताया कि धारा 318(4), 351(2), 352, 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में