उत्तराखंड: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: September 6, 2026 / 06:02 pm IST
Published Date: September 6, 2026 6:02 pm IST

कोटद्वार, छह सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक रोहित को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र से शनिवार शाम गिरफ्तार किया गया और साथ ही नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने दो सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर कोटद्वार कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिनमें नाबालिग लड़की एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती हुई दिखाई दी।

अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं होने और दोनों के चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था।

पुलिस ने बताया कि लगातार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद टीम उत्तर प्रदेश के नगीना स्थित आजाद कॉलोनी पहुंची, जहां से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में